Showing posts with label खुदकुशी. Show all posts
Showing posts with label खुदकुशी. Show all posts

Thursday, December 3, 2009

भोपाल गैस हादसा : कुछ शब्‍द, कुछ चित्र

2-3 दिसंबर 1984 की काली रात को हुआ भोपाल गैस कांड एक ऐसा सबक है, जिसे हमें हमेशा याद रखना चाहिए। इसलिए नहीं कि यह विश्‍व की सबसे बड़ी औद्योगिक दुर्घटना है, बल्कि यह न भूलने के लिए कि विकास के पहिए पर मुनाफे की भूख हावी हुई तो विनाश के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं होगा। यह सबक यह न भूलने के लिए भी याद रखना जरूरी है कि भारत की सरकार इस लायक नहीं है कि देशवासी अपने जीवन और स्‍वास्‍थ्‍य की सुरक्षा के लिए उस पर भरोसा कर सकें। घटना की 25-वीं बरसी पर जब देश भर में उस भयानक मंजर को याद किया जा रहा है, हरेक चित्र और हरेक शब्‍द दिल दहलानेवाले हैं। उनमें से हम कुछेक को यहां सहेजने की कोशिश कर रहे हैं ताकि हमारी संवेदनाएं जिंदा रहें...

क्या हुआ था उस रात भोपाल में

25 साल पहले 2 और 3 दिसम्बर की रात। दिन भर की थकान के बाद भोपाल शहर सोया हुआ है। आधी रात के बाद शहर से 5 किलोमीटर दूर अमेरिका की यूनियन कार्बाइड कंपनी के प्लांट का स्टोरेज टैंक दबाव को नहीं झेल पाता और फट जाता है।

प्लांट से ज़हरीली गैस का रिसाव शुरू होता है। मिथाइल आइसोसायनाएट गैस फैक्ट्री से होते हुए 9 लाख की आबादी वाले भोपाल शहर पर अपना कहर बरपाना शुरू करती है। सैकडों लोग तो सीधे नींद के आगोश से मौत के आगोश में समा जाते हैं। लोग हड़बड़ा कर नींद से उठते हैं तो उन्हें सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन महसूस होने लगती है।

पूरे शहर में हड़कंप मच जाता है लोग सुरक्षित स्थान और साफ़ हवा की तलाश में भागने लगते हैं। लेकिन जहरीली गैस के फैलने की रफ्तार ज्‍यादा तेज साबित होती है। इंसान ही नहीं बल्कि परिंदे और जानवर भी काल का ग्रास बन जाते हैं।

सुबह होने पर इस हादसे की भीषणता का एहसास होता है जब कई स्थानों पर लोगों की लाशें बिखरी नजर आती हैं। शहर के मुर्दाघर भर जाते हैं पर लाशों की संख्या बढ़ती चली जाती है। भोपाल के अस्पताल भी इतने बड़े पैमाने पर हुए इस हादसे से निपटने को तैयार नहीं दिखते।

गैस के रिसाव के कुछ ही घंटों के भीतर 3,500 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद के हफ़्तों में मृतकों का आंकड़ा बढ़ कर 15 हज़ार से ज्‍यादा हो गया। हालांकि कई ग़ैर सरकारी संगठन इस त्रासदी में मारे गए लोगों की संख्या 25 हजार से ज्‍यादा बताते हैं।

भोपाल गैस त्रासदी को अब तक की सबसे बुरी औद्योगिक दुर्घटनाओं में माना जाता है। माना जाता है कि 5 लाख से ज्‍यादा लोगों पर इस हादसे के स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभाव पड़े और हादसे के सालों बाद पैदा हुए बच्चे कई बीमारियों से ग्रस्त नज़र आते हैं। यूनियन कार्बाइड प्लांट से 30 से 40 टन के बीच जहरीली गैस का रिसाव हुआ था।

भोपाल गैस त्रासदी से सबसे ज्‍यादा प्रभावित ग़रीब परिवारों के लोग थे जो झुग्गियों में रहते थे। इस हादसे में जिंदा बचे लोग तो उस रात को शायद कभी नहीं भूल पाएंगे लेकिन हादसे के बाद पैदा हुई पीढ़ी भी उस रात को याद कर सिहर उठती है।

तस्‍वीर जो हादसे की प्रतीक बन गयी

विख्‍यात फोटोग्राफर रघु राय की खिंची यह तस्‍वीर आपके आंखों के सामने से जरूर गुजरी होगी। यह तस्‍वीर भोपाल गैस त्रासदी की एक तरह से प्रतीक बन गयी। भोले-से चेहरे और खुली आंखों वाले इस बच्‍चे की तस्‍वीर उन्‍होंने तब ली थी जब उसके शव पर मिट्टी डाली जा रही थी। यदि यह बच्‍च जिंदा होता तो आज 30 साल का सुंदर नौजवान होता। हादसे में इसी तरह अनगिनत मासूम जानें गयी थीं। यदि आपके अंदर साहस हो तो उस विभीषिका को बयां करनेवाली कुछ और तस्‍वीरें यहां यहां देख सकते हैं।

ऐश कर रहा कसूरवार, निर्दोष आज भी मर रहे

भोपाल की त्रासदी आज भी थमी नहीं है। उस समय सौभाग्य से शरीर में कम गैस जाने के कारण जो बचे रह गए थे, वे आज तिल-तिल कर मरने का दुर्भाग्‍य झेल रहे हैं। जहरीली गैस से उनके हृदय व फेफड़े क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके लिए आज तक न तो यूनियन कार्बाइड ने दवा बतायी और न ही भारत सरकार ने शोध करके गैस पीडि़तों को राहत पहुंचाने के लिए कोई काम किया। इतनी बड़ी त्रासदी के कसूरवार को कोई सजा तक नहीं हुई। यूनियन कार्बाइड कंपनी के प्रमुख वॉरेन एंडरसन को इस हादसे के तत्काल बाद गिरफ़्तार कर लिया गया था लेकिन तुरंत जमानत भी दे दिया गया और उसके बाद ही एंडरसन ने देश छोड़ दिया और तब से वह कानून की पहुंच से दूर अमेरिका में ऐशो-आराम की जिंदगी गुजार रहे हैं। एंडरसन पर आरोप है कि उन्होंने ख़र्च में कटौती के लिए सुरक्षा मानकों के साथ समझौता किया। एंडरसन पर लोगों की मौत का ज़िम्मेदार होने का भी आरोप है। अब यूनियन कार्बाइड को एक दूसरी अमरीकी कम्पनी डाऊ केमिकल्स खरीद चुकी है और वह पूरे मामले से पल्ला झाड़ रही है।

किसी को तो सजा मिले, सो फरियादी ही चढ़ा फांसी

अंधेर नगरी में किसी को तो सजा काटनी है, सो पीडि़तों की लड़ाई लड़ रहा एक पीडि़त खुद चढ़ गया फांसी। भोपाल गैस त्रासदी का दंश झेल चुके और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करने वाले 34 वर्षीय सुनील कुमार की लाश भोपाल में उनके घर में पंखे से लटकी हुई मिली। उस समय उन्होंने अपना पसंदीदा टी-शर्ट पहना था, जिस पर लिखा था, ‘और भोपाल नहीं।’ सुनील ने जहां फांसी लगाई, वहां एक नोट भी मिला, जिसमें लिखा था, ‘मैं मानसिक बीमारी के कारण खु़दकुशी नहीं कर रहा हूं, बल्कि पूरे होशोहवास में ऐसा कर रहा हूं।‘

(सूचनाओं व चित्रों के स्रोत : बीबीसी हिन्‍दी, डॉयचवेले, ग्रीनपीस)

Sunday, January 4, 2009

आत्‍महत्‍या कर रहे किसान की कविता


किसान और आत्‍महत्‍या
रचनाकार-हरीशचन्‍द्र पाण्‍डे

उन्हें धर्मगुरुओं ने बताया था प्रवचनों में
आत्महत्या करने वाला सीधे नर्क जाता है
तब भी उन्होंने आत्महत्या की

क्या नर्क से भी बदतर हो गई थी उनकी खेती

वे क्यों करते आत्महत्या
जीवन उनके लिए उसी तरह काम्य था
जिस तरह मुमुक्षुओं के लिए मोक्ष
लोकाचार उनमें सदानीरा नदियों की तरह
प्रवहमान थे
उन्हीं के हलों के फाल से संस्कृति की लकीरें
खिंची चली आई थीं
उनका आत्म तो कपास की तरह उजार था
वे क्यों करते आत्महत्या

वे तो आत्मा को ही शरीर पर वसन की तरह
बरतते थे
वे कड़ें थे फुनगियाँ नहीं
अन्नदाता थे, बिचौलिये नहीं
उनके नंगे पैरों के तलुवों को धरती अपनी संरक्षित
ऊर्जा से थपथपाती थी
उनके खेतों के नाक-नक्श उनके बच्चों की तरह थे

वो पितरों का ऋण तारने के लिए
भाषा-भूगोल के प्रायद्वीप नाप डालते हैं
अपने ही ऋणों के दलदल में धँस गए
वो आरुणि के शरीर को ही मेंड़ बना लेते थे
मिट्टी का
जीवन-द्रव्य बचाने
स्वयं खेत हो गए

कितना आसान है हत्या को आत्महत्या कहना
और दुर्नीति को नीति।

(रचना कविता कोश से और फोटो बीबीसी हिन्‍दी से साभार)

Saturday, January 3, 2009

किसानों को आत्‍महत्‍या की ओर ढकेल रहीं सरकारी नीतियां


ओएनजीसी जैसी प्रतिष्ठित कंपनी की नौकरी छोड़कर खेती-किसानी में सफलता की नयी इबारत लिखनेवाले आईआईटी से पढ़े मेकेनिकल इंजीनियर आर माधवन जैसे लोग जो खुद के बलबूते पर कर लेते हैं, वही काम कृषि से संबंधित केन्‍द्र व प्रांतों के मंत्रालयों, विभागों, विश्‍वविद्यालयों, वैज्ञानिकों व प्रशासकों का भारी-भरकम ढांचा क्‍यों नहीं कर पाता? क्‍या सचमुच कृषि विश्‍वविद्यालयों का समूचा पाठ्यक्रम बदलने की आवश्‍यकता है, जैसा कि सुरेश चिपलूनकर जी ने श्री माधवन के हवाले से कहा है।‍ क्‍या नरेगा जैसे रोजगारदायी कार्यक्रमों का संपूर्ण फोकस कृषि क्षेत्र में परिसंपत्ति-निर्माण पर होना चाहिए? प्रस्‍तुत है इस संबंध में कृषि मामलों के विशेषज्ञ लेखक देविंदर शर्मा का 'दैनिक जागरण' से साभार लेख, जिसमें उन्‍होंने कृषि को छोड़कर अन्‍य क्षेत्रों को राहत दिए जाने पर सवाल खड़े किए हैं।

मुंबई हमले की आक्रोशित प्रतिक्रिया में एक अन्य और शायद इससे भी अधिक हिंसक विपदा दब गई है। एक चौंका देने वाली खबर को इलेक्ट्रानिक मीडिया ने सामान्य खबर के रूप में प्रसारित करना भी गवारा नहीं किया। यह खबर देश में चीत्कार मचाने वाले कुलीन वर्ग को हिला देती। खबर है- 2007 के दौरान 16, 632 किसानों ने आत्महत्या कर ली। इनमें सर्वाधिक किसान महाराष्ट्र से हैं।

इन आत्महत्याओं के खबर न बनने का कारण साफ है। ये होटल ताज को अपना दूसरा घर मानने वाले लोग नहीं हैं।

गांव-देहात में मौत का धारावाहिक तांडव जस का तस जारी है। नेशनल क्राइम रिका‌र्ड्स ब्यूरो के अनुसार बढ़ते कर्ज के चलते अपमानित होने के कारण 1997 से करीब एक लाख 82 हजार 936 किसान आत्महत्या कर चुके हैं, जबकि सरकार बेलआउट में मस्त है। सितंबर से सरकार तरलता बढ़ाने और अन्य बजटीय प्रावधानों के माध्यम से सौ अरब डालर की राजकोषीय प्रोत्साहन राशि उपलब्ध करा चुकी है।

प्रोत्साहन पैकेज उन क्षेत्रों को दिए जा रहे हैं जो गलतियां कर रहे हैं। 20 लाख तक के गृह ऋणों पर दिया जाने वाला प्रस्तावित ब्याज दरों का तोहफा ऐसा ही आर्थिक दुस्साहस है। मांग में वृद्धि करने के लिए बैंकों को ब्याज दर घटाने को बाध्य करना पूरी तरह अनुचित है। सरकार को ऐसे लोगों के लिए राहत पर विचार भी क्यों करना चाहिए जो 25 हजार रुपए की मासिक किश्त देने की स्थिति में हैं? सरकार को भवन निर्माण क्षेत्र को राहत क्यों देनी चाहिए जो समाज को निचोड़ रहा है? पिछले चार सालों में फ्लैट के दाम करीब 450 फीसदी बढ़ गए हैं। प्रापर्टी के दाम नीचे क्यों नहीं लाए जा रहे, ताकि और अधिक लोग मकान खरीदने के लिए प्रोत्साहित हो सकें?

अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए भारतीय बैंकों को तरलता की जरूरत थी। भारतीय रिजर्व बैंक ने त्वरित कार्रवाई की। मध्य सितंबर से आरबीआई बैंकिंग व्यवस्था में तीन लाख करोड़ रुपए झोंक चुकी है। इन उपायों में रेपो दर कम करना, सीआर अनुपात कम करना और विशेष ऋण सुविधाएं उपलब्ध करना शामिल हैं। इसका नतीजा क्या निकला? बैंक सुरक्षित निवेश के रूप में धनराशि वापस रिजर्व बैंक में जमा करा रहे हैं। एक दिसंबर से आठ दिसंबर के दौरान, कुल आठ दिनों के भीतर बैंकों ने छह प्रतिशत की मामूली दर पर आरबीआई में तीन लाख 27 हजार करोड़ रुपए जमा करा दिए। यह दर बाद में घटाकर पांच प्रतिशत कर दी गई।

अर्थव्यवस्था को मंदी से उबारने में राजकोषीय प्रोत्साहन एक हद तक कारगर हो सकता है। लगता है, आगामी चुनाव के मद्देनजर विभिन्न लाबियों को प्रसन्न करने के लिए निर्देशित सिद्धांत लागू किए गए हैं। उदाहरण के लिए, निर्यातक दो बार प्रोत्साहन पैकेज का लाभ उठा चुके हैं। पहले जब डालर की विनिमय दर 37 रुपए पर आ गई तो कपड़ा और वस्त्र निर्यातकों ने अधिक सहयोग की गुहार लगाई। सरकार ने तुरंत ध्यान दिया और 14 सौ करोड़ रुपए जारी कर दिए और फिर जब विनिमय दर 50 रुपए पर पहुंच गई तो निर्यातकों को एक और खुराक दे दी गई। विश्व व्यापार संघ से समझौते के समय विशेषज्ञों ने अनुमान लगाया था कि इसका सबसे अधिक फायदा भारत को होगा और यहां लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। अन्यायपूर्ण वैश्विक व्यापार हुकूमत अपनाते समय रोजगार के जिन अवसरों का आकलन किया गया था वे कहां हैं?

बहती गंगा में हाथ धोने में पीछे न रह जाएं, इसलिए कपास निर्यातक भी राहत पैकेज की मांग करने लगे हैं। वे चाहते हैं कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य और विश्व में कपास के मूल्यों के बीच के अंतर की भरपाई करे। निर्यात में 95 फीसदी गिरावट का रोना रोते हुए उद्योग जगत बचाव पैकेज की मांग कर रहा है। आश्चर्य है कि जब न्यूनतम समर्थन मूल्य कम और अंतरराष्ट्रीय मूल्य अधिक थे तो उद्योग जगत ने सरकार से कपास किसानों की क्षतिपूर्ति के लिए नहीं कहा।

तमाम उतार-चढ़ाव के बीच, कृषि ही ऐसा क्षेत्र है जिसके घाटे की भरपाई की कोई व्यवस्था नहीं की गई। भारत चमके या बुझे, अर्थव्यवस्था की रीढ़ कृषि ही रही है। कृषि क्षेत्र की पूरी तरह अवहेलना और अलगाव के कारण किसान आत्महत्या करने और खेतीबाड़ी छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। सरकार की नीतियां कृषि के उसके अंत की ओर ले जा रही हैं। अब जमीन का जबरन अधिग्रहण कर कंपनियों को दी जा रही है। प्रधानमंत्री खुद विश्व बैंक के नुस्खे पर अमल कर रहे हैं- ग्रामीण क्षेत्र से लोगों का स्थानांतरण।

भारत की साठ प्रतिशत आबादी सीधे तौर पर कृषि से जुड़ी है। इसके अलावा 20 करोड़ भूमिहीन किसान भी अप्रत्यक्ष रूप से कृषि पर निर्भर हैं। ऐसे में अर्थव्‍यवस्‍था को वास्तविक प्रोत्साहन तभी मिल सकता है जब इसका केंद्रबिंदु कृषि की तरफ घूम जाए। जब मैं कृषि की बात करता हूं तो इसका अर्थ ट्रैक्टर या प्रसंस्करण उद्योग को राहत पैकेज देना नहीं है। यह तो प्रतिगामी कदम होगा।

जिस चीज की फौरी जरूरत है वह है कृषि क्षेत्र में प्रोत्साहन का स्थानांतरण। यह अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का अचूक नुस्खा है। सर्वप्रथम पैकेज कृषि के पुनरुत्थान के लिए होना चाहिए। आर्गेनिक खेती के लिए विशेष प्रोत्साहन पैकेज होने चाहिए। 1.2 लाख करोड़ रुपए का खाद अनुदान सीधे किसानों को मिलना चाहिए, ताकि वे प्राकृतिक कृषि की ओर उन्मुख हो सकें। प्रोत्साहन पैकेज किसानों के कल्याण पर केंद्रित होना चाहिए। समस्याओं से घिरे कृषक समुदाय को प्रत्यक्ष आय सहायता के सिद्धांत पर सुनिश्चित आय प्रदान करनी चाहिए। इससे लाखों लोगों का जीविकोपार्जन होगा, मांग बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।

इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना की सौ दिनों की सीमा को तत्काल हटाना चाहिए। ग्रामीण कामगारों को संगठित क्षेत्र की तरह साल में 365 दिनों के काम की दरकार है। इससे मांग उत्पन्न होगी और अर्थव्यवस्था पटरी पर आएगी। नरेगा को कृषि से जोड़ने की तात्कालिक आवश्यकता है। यह समग्र विकास का नुस्खा है।

Friday, September 19, 2008

विदर्भ के आत्‍महत्‍या कर रहे किसानों को 4825 करोड़ रुपए में मिली सिर्फ दो फीसदी रकम

लोग समझते हैं कि सरकार किसानों को राहत पहुंचा रही है, और माल चला जाता है कुछ लोगों की जेब में। आप के द्वारा दिया गया जो टैक्‍स देश के विकास व खुशहाली पर खर्च होना चाहिए, वह घोटालों की भेंट चढ़ जाता है। आतंकवादियों व अपराधियों से भी निष्‍ठुर हैं ये घोटालेबाज। आत्‍महत्‍या कर रहे विदर्भ के किसानों का निवाला छिनने में भी इनकी आत्‍मा नहीं डोली। प्रस्‍तुत है करोड़ों रुपये का गाय भैंस घोटाला शीर्षक से बिजनेस स्‍टैंडर्ड में मुंबई डेटलाइन से प्रकाशित यह खबर :

देश में किसानों की बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं को रोकने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार ने राहत पैकेज की घोषणा तो कर दी है लेकिन यह राहत पैकेज किसानों के पेट की आग न बुझाकर नेताओं और उनके चेलों की जेब में समा गया।

यह बात सूचना अधिकार के द्वारा मांगी गई जानकारी के जरिए प्रकाश में आई है। सरकारी खजाने से किसानों के लिए दिए गए 4825 करोड़ रुपए में से किसानों को मिली सिर्फ दो फीसदी रकम, बाकी की रकम बैंक, नेताओं और सरकारी बाबुओं की तिकड़ी डकार गयी।

देश में सबसे ज्यादा विदर्भ के अन्नदातों ने गरीबी और तंगहाली से परेशान होकर मौत को गले लगाना बेहतर समझा। देश-विदेश में भूख से मरने की खबरों से शर्मसार होकर महाराष्ट्र और केन्द्र सरकार ने विदर्भ के किसानों को विशेष राहत पैकेज दिया।

विदर्भ में किसानों की आत्महत्या रोकने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने दिसंबर 2005 में 1075 करोड़ रुपए का राहत देने की घोषणा की। इसके बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जुलाई 2006 में अपने विदर्भ दौरे के दौरान इस क्षेत्र के अन्नदाताओं के विकास के लिए 3750 करोड़ रुपये देने की बात कही।

सरकारी खजाने से दिए गए पैसों के लिए योजना के तहत किसानों के बीच दुग्ध कारोबार को बढ़ावा दिया जाना था। इस पैकेज के मूल उद्देश्य किसानों को दुग्ध व्यसाय से जोड़ने के तहत 4 करोड़ 95 लाख 35 हजार रुपये जानवारों की खरीददारी में खर्च किए गए। इन पशुओं के लिए चारे और अन्य पोशक तत्वों में 63 लाख 64 हजार रुपये और गाय-भैसों पर 35 लाख 35 हजार रुपये खर्च कर दिए गए।

इसके अलावा, यवतमाल जिला दुध उत्पादक सहकारी संस्था के माध्यम से 53 लाख रुपये खर्च करने का बजट बनाया गया, जिसमें से 40.95 लाख रुपये खर्च भी कर दिए गए और 14.05 लाख रुपये खर्च किये जाने वाले है।

पहली नजर में देखने या कहें कि एसी दफ्तरों में बैठ कर इस योजना को देखने पर किसानों का लाभ ही लाभ दिखाई दे रहा है लेकिन हकीकत में ऐसा नहीं हैं, क्योंकि सूचना अधिकार के तहत मिली लाभांवित किसानों की सूची बोगस है।

विदर्भ किसानों के लिए सबसे ज्यादा संघर्ष करने वाले किशोर तिवारी कहते हैं कि हमारे नेताओं को शर्म नहीं आती है कि वे भूखे किसानों के पेट की रोटी खुद खा रहे है। इस खुलासे के बाद महाराष्ट्र सरकार जांच करने की बात कह कर मामला टालने में लग गयी है,क्योंकि महाराष्ट्र और केन्द्र की सत्ता में बैठी कांग्रेस और एनसीपी दोनों के नेता इसमें शामिल है।

किसानों के संघटन का नेतृत्‍व कर रहे किशोर तिवारी ने इन नेताओं के ऊपर आपराधिक मुकदमा चलाए जाने की मांग करते हुए कहा कि आजाद भारत का यह सबसे शर्मसार कर देने वाला गाय-भैंस घोटला है। उनके अनुसार सरकारी खजाने से किसानों के लिए राहत पैकेज के नाम से निकाली गयी राशि में से सिर्फ दो फीसदी की रकम किसानों तक पहुंची है, बाकि की राशि बैंकों, नेताओं और सरकारी अधिकारियों की तिजोरियों में जमा हो गयी है।

Sunday, May 25, 2008

बहुत कुछ बयान करती है कर्ज में डूबे राष्ट्रपति के किसान भतीजे की खुदकुशी

जब देश के प्रथम नागरिक का किसान भतीजा ही कर्ज के बोझ से खुदकुशी को विवश हो जाये तो अन्य किसानों के हालात आसानी से समझे जा सकते हैं। यह खबर दिनांक 2५.०५.२००८ को 'राष्ट्रीय सहारा' हिन्दी दैनिक के इंटरनेट संस्करण में 'कर्ज में डूबे राष्ट्रपति के किसान भतीजे ने की खुदकुशी' शीर्षक से प्रकाशित हुई है।

खबर में कहा गया है कि राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के रिश्तेदार एक किसान ने कर्ज के बोझ से दबे होने के कारण कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। बुलढाणा जिले के खामगांव तालुका के हिंगना कारेगांव के राजेन्द्र सिंह पाटिल ने 20 मई, 2008 की रात कीटनाशक पी ली। उन्हें अकोला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शनिवार तड़के उनकी मौत हो गई। 45 वर्षीय राजेन्द्र सिंह पर सरकारी बैंकों का करीब 60 हजार रूपए कर्ज था। इसके अलावा कहा जाता है कि उन्होंने साहूकार से भी ऋण ले रखा था। ऋण वापस करने में असमर्थ होने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। एक बेटी की शादी हो गई है तथा दो की अभी करनी थी। कर्ज और बेटियों की शादी को लेकर वह परेशान रहते थे। राजेन्द्र सिंह राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के चचेरे भाई के बेटे थे। वह मूलत: राष्ट्रपति के मायके जलगांव जिला के वडोना गांव के निवासी थे पर पिछले 12 साल से बुलढाणा जिले के हिंगना कारेगांव में रहते थे।

दिलचस्प बात है कि केन्द्र सरकार ने बैंकों से लिया गया किसानों का कर्ज माफ़ करने की घोषणा कर रखी है। हाल ही में मीडिया में ख़बर चली है की केन्द्र सरकार ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की प्रमुख सोनिया गाँधी के सुपुत्र राहुल गाँधी की बात मानते हुए कर्ज माफ़ी योजना में बड़े किसानों को भी शामिल कर लिया है।

दरअसल सरकार की घोषणा और महामहिम राष्ट्रपति के किसान भतीजे की खुदकुशी इस सच्चाई को फिर साबित कर रही हैं कि इस देश के किसान अत्यन्त कष्ट में हैं। सरकार की लोकलुभावन घोषणाओं से उन्हें राहत मिलने के बजाय उनकी परेशानी और बढ़ गई है। कर्ज से राहत पर अभी अमल हुआ नहीं और बैंकों ने उन्हें नया ऋण देना भी बंद कर दिया। ऐसे समय में वे कैसे अपने बेटियों की शादी करें, कैसे बेटों को पढाएँ और कैसे खरीफ की फसल बोयें, यह दर्द वे धरतीपुत्र ही समझ सकते हैं।

गौर करने की बात यह भी है कि राष्ट्रपति के किसान भतीजे की खुदकुशी और कर्णाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की पराजय की खबरें लगभग एक ही समय आई हैं। समझने वालों के लिए ये खबरें बहुत बहुत कुछ बयान करती हैं।