Showing posts with label बागवानी. Show all posts
Showing posts with label बागवानी. Show all posts

Sunday, September 19, 2010

बतियाने से बढ़ता है यह पौधा

सोशल नेटवर्किंग के बढ़ते हुए दायरे में अब पौधे भी आ गए हैं। ऑस्‍ट्रेलिया के क्‍वींसलैंड विश्‍वविद्यालय के बाईसवर्षीय छात्र बशकिम इसाइ ने ब्रिसबेन स्थित क्‍वींसलैंड स्‍टेट लाइब्रेरी में कुछ पौधों को फेसबुक से जोड़ दिया है। इन पौधों को मीट ईटर नाम दिया गया है। साथ में यह तकनीकी व्‍यवस्‍था की गयी है कि प्रशंसकों के संदेश से इनका भरण-पोषण होता रहे। इसके लिए खाद और पानी की दो नलियां पौधों के गमलों से जोड़ दी गयी हैं। फेसबुक पर जब भी कोई इन पौधों का दोस्‍त बनता है अथवा इनके वाल पर मैसेज पोस्‍ट करता है, बीप की हल्‍की आवाज के साथ खाद-पानी नलियों के जरिए अपने आप गमले तक पहुंच जाता है।

हालांकि ऑनलाइन दोस्‍तों का ज्‍यादा प्‍यार इन पौधों के लिए नुकसानदेह भी हुआ। दोस्‍तों ने इतना अधिक खाद-पानी दे दिया कि दो बार पौधे मर गए। अब पौधों की ऐसी किस्‍में लगायी गयी हैं जो ज्‍यादा पानी सह सकें। अब पानी के स्‍तर को नियंत्रित रखने की स्‍वचालित व्‍यवस्‍था भी की गयी है।

मीट ईटर के दोस्त भोजन-पानी दिए जाने का नजारा भी ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके लिए गमलों पर कैमरा लगाया गया है, जिसके जरिए लाइव फुटेज देखे जा सकते हैं।

करीब तीन माह के हो चुके इन पौधों के दुनिया भर में अब तक आठ हजार से भी अधिक दोस्‍त बन चुके हैं। इस परियोजना को इस साल के अंत तक जारी रखने की इसाइ की योजना है।

यदि आप भी इन पौधों के दोस्‍त बनना चाहते हैं तो यहां जाएं : http://www.facebook.com/meeteater

Wednesday, October 8, 2008

मर कर जंगल को आबाद करनेवाले कीट सिकाडा


कृषि का भारत के लिए जितना महत्‍व है, इससे संबंधित शिक्षा और शोध पर उतना ध्‍यान नहीं दिया जाता। लेकिन मर कर जंगलों को फायदा पहुंचानेवाले सिकाडा (Cicada) जैसे कीटों के बारे में यहां भी शोध हो तो निश्चित तौर पर यह पर्यावरण खासकर कृ‍षि व बागवानी के लिए लाभप्रद साबित हो सकता है।

आम तौर पर कीट फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं, और इसलिए उन्‍हें शत्रु समझा जाता है। लेकिन कुछ मित्रकीट भी होते हैं, जो जीवनकाल में या मरणोपरांत पौधों को फायदा ही पहुंचाते हैं। सिकाडा के बारे में अभी तक जो जानकारी उपलब्‍ध है, उसके आधार पर इसे फायदा पहुंचानेवाला कीट ही माना जा रहा है।

अमरीका के उत्तरी हिस्से में सिकाडा कीट भारी संख्या में पाए जाते हैं। ये कीट अपने जीवन का अधिकांश हिस्सा पेड़ों की जड़ों में बिताते हैं जहां वह जाइलम पर निर्भर होते हैं। जब ये बड़े होते हैं तो एक साथ लाखों की संख्या में प्रजनन के लिए बाहर आते हैं। ये कीट हर 13 से 17 वर्ष में ज़मीन के नीचे से बाहर निकलते हैं और प्रजनन करते हैं। चूंकि इन कीटों की संख्या लाखों में होती है इसलिए कई कीट मरते भी हैं।


सिकाडा प्रजनन के दौरान भारी शोर मचाते हैं। इन कीटों के प्रजनन का समय कुछ हफ्तों का ही होता है। इनकी संख्या प्रति वर्ग मीटर में 350 तक हो सकती है। कुछ जानवर इन कीटों को खाते भी हैं। लेकिन अधिकांश कीट मर कर मिट्टी में मिल जाते हैं। इन कीटों के शरीर के सड़ने से मिट्टी में बैक्टीरिया. फफूंद और नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ती है। यही कारण है कि जिन इलाक़ों में ये कीट मरते हैं, वहां के पेड़ ज्यादा तेजी से बढ़ते हैं।

ये बातें अमरीकी वैज्ञानिकों के शोध में सामने आयी हैं। कुछ वर्षों पूर्व उनका ध्‍यान इस बात की ओर गया कि उत्तर अमरीका के जंगलों में ख़ास किस्म के ये कीड़े लाखों की संख्या में मर रहे हैं, जिससे जंगलों को काफी फायदा हो रहा है। वैज्ञानिकों के शोध में यह बात सामने आयी कि कीटों के मिट्टी में मिलने से मिट्टी में नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ती है। नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ने से पेड़ों को तेजी से बढ़ने में मदद मिलती है। उनके मुताबिक ये कीट वास्तव में वही नाइट्रोजन छोड़ते हैं जो ये अपने पूरे जीवन में पेड़ों की जड़ों से एकत्र करते हैं।


सिकाडा झींगुरों की तरह काफी शोर करते हैं, लेकिन ये झींगुर (Cricket) से भिन्‍न हैं। इसी तरह से ये फतिंगा या टिट्डी (Locust, Grasshopper) से भी भिन्‍न हैं। फादर कामिल बुल्‍के के अंगरेजी-हिन्‍दी शब्‍दकोश में सिकाडा के हिन्‍दी समतुल्‍य रइयां, चिश्चिर बताए गए हैं। किन्‍हीं मित्रों को भारतीय संदर्भ में सिकाडा के बारे में अतिरिक्‍त जानकारी हो तो वे अवश्‍य दें, इसके लिए हम उनके आभारी रहेंगे।

(इस आलेख की प्रेरणा इस विषय पर लावण्‍या जी की रोचक व ज्ञानवर्धक ब्‍लॉगपोस्‍ट से मिली, उनका हार्दिक आभार। खेती-बाड़ी में इस दोहराव का उद्देश्‍य भारतीय संदर्भ में सिकाडा के बारे में जानकारी एकत्र करना और उसका प्रसार है। आलेख के चित्र व संदर्भ बीबीसी हिन्‍दी और विकिपीडिया से लिए गए हैं।)