पशुवत व्यवहार निंदनीय होता है, लेकिन कभी-कभी पशु भी अनुकरणीय व्यवहार करते देखे जाते हैं। ऐसा ही दुर्लभ दृश्य उड़ीसा के जगतसिंहपुर के गांव में देखने को मिल रहा है। वहां एक गाय और बकरी के दो बच्चों के बीच परस्पर प्रेम और लगाव दर्शनीय बना हुआ है। गांव की एक गाय पिछले दो महीने से बकरी के दो बच्चों को अपना दूध पिला रही है।गाय और बकरी के बच्चों के इस अनोखे रिश्ते को देखने के लिए हजारों लोग भुवनेश्वर से 80 किलोमीटर दूर स्थित कुलातरातांग गांव पहुंच रहे हैं। मांगुली भोई की गाय हर दिन करीब डेढ़ घंटे तक नन्हीं बकरियों को दूध पिलाती है। भोई गाय और बकरियों का मालिक है।
भोई का कहना है कि तीन महीने पहले एक बकरी ने चार बच्चों को जन्म दिया था। बकरी ने कमजोरी के कारण पर्याप्त दूध न बन पाने की वजह से एक महीने बाद दो बच्चों को दूध पिलाना बंद कर दिया था। उसने कहा कि हम यह देखकर चकित रह गए कि बकरी के जिन दो बच्चों को उनकी मां ने दूध पिलाना बंद कर दिया था उन्हें गाय दूध पिला रही थी।
गांव के प्रमुख हरेकृष्ण बिस्वाल का कहना है कि यह एक दुर्लभ दृश्य है। पास के गांवों से हजारों लोग बकरियों और गाय के बीच के अनूठे प्रेम और स्नेह को देखने के लिए आ रहे हैं।
मूल खबर के लिए देखें: IBN Khabar