Monday, November 30, 2009

स्विस सेब जिस पर फिदा हैं मिशेल ओबामा व जेनिफर लोपेज

गभग विलुप्‍त हो रही प्रजाति का साधारण-सा दिखनेवाला यह खट्टा सेब इन दिनों खूब चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि इस ‘सुपर एप्‍पल’ के सत्‍व से चमड़े की झुर्रियां मिटती हैं, मानव कोशिकाओं की जीवन-अवधि लंबी होती है और झड़े हुए बाल फिर से उग सकते हैं। यही कारण है कि इसके प्रशंसकों में मिशेल ओबामा, हेलेन मिरेन और जेनिफर लोपेज जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।

स्विटजरलैंड के दूरस्‍थ हिस्‍से में गिनती के रह गए एक पेड़ पर उगने वाला उटविलर स्पैटलौबर (Uttwiler Spatlauber) नामक यह दुर्लभ सेब दूसरी अन्य प्रजातियों की तुलना में अधिक (लगभग चार महीने) समय तक टिकाउ रहता है। पर इसके कसैले स्वाद के कारण इसकी मांग नहीं रही और इसके वृक्षों की संख्‍या इस कदर घटती गयी कि स्विटजरलैंड में अब मात्र 20 पेड़ रह गए हैं। हालांकि मीडिया में अब इसे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्‍‌नी और अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा के जवां रूप-रंग का राज बताया जा रहा है।
फैशन मैगजीन 'वोग' में मिशेल ओबामा द्वारा इस सेव की स्‍टेम कोशिकाओं के सत्‍व से बने 215 पौंड वजन के बराबर सीरम को खरीदे जाने की बात कही गयी है। कहा जा रहा है कि सीरम और क्रीम में इस्‍तेमाल की जा रहीं इस सेब की स्‍टेम कोशिकाएं मानव चमड़ी की स्‍टेम कोशिकाओं को उत्‍तेजित करती हैं और इस तरह चमड़ी पर जल्‍द झुर्रियां नहीं आतीं।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक सौंदर्य प्रसाधनों की दुनिया में इस सेब को उम्र रोकने के क्षेत्र में एक उत्साहजनक सफलता माना गया है तथा अमेरिका, यूरोप व एशिया की तकरीबन 100 सौंदर्य कंपनियों ने इसका इस्तेमाल शुरू किया है।

फोटो व मूल खबर के स्रोत : टेलीग्राफडेलीमेल